सीवन। गुहला विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के विरोध में कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस 17 नवंबर को सरकार के खिलाफ धरना देंगे। सुबह 11 बजे सीवन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। विधायक ने वीडियो संदेश जारी कर क्षेत्रवासियों से आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
विधायक देवेंद्र हंस ने सीवन स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि क्षेत्र की सड़कों की हालत लगातार खराब हो रही है। गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। विशेषकर कैथल-चीका मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने से हादसों का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कई लोग जान गंवा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहे।
विधानसभा में भी उठा चुके हैं मुद्दा
विधायक ने कहा कि क्षेत्र की सड़कों की बदहाली का मामला कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों के सामने उठाया है। हरियाणा विधानसभा में भी इस समस्या को उठाया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। इस दौरान कार्यालय प्रभारी पाली सैनी, अधिवक्ता गौरव वधवा, ब्लॉक अध्यक्ष लवजिंदर सिंह चक्कू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।