संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। टीक गांव में बुधवार देर रात करीब 12 बजे बाइक सवार बदमाशों ने चावल से भरे ट्रक पर पथराव कर दिया। ट्रक ड्राइवर के नीचे उतरते ही बदमाशों ने उस पर भी पथराव किया और हजारों रुपए कीमत के चावल के बैग लूटकर ले गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ट्रक ड्राइवर ने बताया कि उसके पास 18 टायर वाला ट्रक है, जिस पर वह लोडिंग का काम करता है। दो दिन पहले वह गढ़ी गांव (जिला जींद) स्थित एसजीएस ओवरसीस प्राइवेट कंपनी से 800 कट्टे बासमती चावल लेकर शिव शक्ति इंटरप्राइज, मिठापुर (जिला अंबाला) के लिए रवाना हुआ था।
बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे जब वह टीक गांव के पास पहुंचा तो अचानक उसे आवाज सुनाई दी। टायर चेक करने के लिए जैसे ही वह नीचे उतरा, उसी समय कुछ लोगों ने ट्रक के पिछले हिस्से से पथराव शुरू कर दिया।
ड्राइवर रोहित के अनुसार, कुछ बदमाश ट्रक के ऊपर चढ़कर चलते ट्रक से चावल के बैग नीचे फेंक रहे थे। घबराकर उसने ट्रक को तुरंत ढांड की तरफ दौड़ा दिया। इस दौरान दो बाइक सवार बदमाश उसका पीछा करने लगे।
यह देख ड्राइवर ने तुरंत डॉयल 112 पर कॉल कर सहायता मांगी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक को एक होटल के पास रोककर तिरपाल
हटाकर जब उसने चावल चेक किए तो कई बैग गायब मिले। शिकायत में बताया गया कि इस वारदात से हजारों रुपए का नुकसान हुआ है।