संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आईटीआई के नजदीक एक प्रवासी मजदूर ने दूसरे प्रवासी मजदूर की सिर में ईंट मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी मजदूर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव किच्छाना निवासी विक्रम ने शहर थाना में शिकायत दी कि वह प्राइवेट नौकरी करता है। 26 मई को वह अपने मोटरसाइकिल पर कैथल शहर से अपने गांव जा रहा था। शाम को करीब पौन चार बजे जैसे ही वह जाखौली अड्डा से आगे आईटीआई के नजदीक पहुंचा तो देखा कि दो नौजवान लड़के आपस में लड़ाई कर रहे थे।
विक्रम ने दी शिकायत में पुलिस को बताया कि उनमें से एक ने ईंट उठाकर दूसरे के सिर में मारी। ईंट लगते ही एक लडक़ा सडक़ के किनारे गिर गया। उसका नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम बिहार निवासी गरीब यादव बताया और ईंट मारकर मौके से भागने वाले लड़के का नाम बिहार निवासी सिगुल बताया। फिर गरीब यादव बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल कैथल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने गरीब यादव को मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी बीरसिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच की जा रही है। अभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।