संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। बाबू अनंत राम जनता महाविद्यालय कौल में युवा रेड क्रॉस क्लब एवं कानूनी साक्षरता सेल के संयुक्त तत्वावधान में शेयर बाजार की बुनियादी बातें सरल निवेश रणनीतियां विषय पर कार्यशाला आयोजित की। इसमें विद्यार्थियों को जानकारी दी गई कि किसी भी प्रकार के निवेश से पहले बाजार का सूक्ष्म अध्ययन करना अत्यंत आवश्यक है।
मुख्य वक्ता के तौर पर विश्वदीप शर्मा ने शिरकत की। उन्होंने बताया कि निवेश करना एक महत्वपूर्ण निर्णय है और इसके लिए सही जानकारी और रणनीति की आवश्यकता होती है। हमारा उद्देश्य लोगों को बाजार की बुनियादी बातें समझाना और उन्हें सरल निवेश रणनीतियों के बारे में जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि आज के समय में बाजार का सूक्ष्म अध्ययन करना किसी भी निवेश से पहले अत्यंत आवश्यक है।
विशेषज्ञों के अनुसार पूंजी बाजार की विस्तृत जानकारी व्यक्तियों को उनके दीर्घकालिक, मध्यकालिक और अल्पकालिक वित्तीय लक्ष्यों की योजना बनाने में मदद करती है। इसके साथ ही बाजार की जानकारी और सही निवेश रणनीतियों का चुनाव आर्थिक स्थिरता और भविष्य की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। कहा कि किसी व्यक्ति को सफल बनने के लिए उत्तम संवाद कौशल और एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय से डिग्री होना आवश्यक है। यह न केवल पेशेवर जीवन में बल्कि निवेश के क्षेत्र में भी व्यक्ति की सफलता को सुनिश्चित करता है।
इस मौके पर उन्होंने चार प्रमुख निवेश विकल्पों पर जोर दिया जो हर किसी को अपनाने चाहिए। जैसे कि टर्म इंश्योरेंस, हेल्थ इंश्योरेंस, सिस्टमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान, सेविंग अकाउंट में निवेश जो कि आपकी तात्कालिक आवश्यकताओं के लिए हमेशा तैयार रहने में मदद करता है। प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को निवेश के बारे जागरूक करना और उन्हें निर्णय लेने में मदद करना रहा। मंच संचालन डॉ. मीनाक्षी ने किया।