संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ ने शिक्षक तबादला नीति में सुधार और अतिशीघ्र तबादलों की प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर निदेशक माध्यमिक शिक्षा हरियाणा जितेंद्र दहिया से शिक्षा सदन, पंचकूला में भेंट की। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राज्य महासचिव रामपाल शर्मा ने किया।
संघ ने प्रमुख सुझावों में ब्लॉक में 15 वर्ष सेवा की शर्त को हटाने की मांग की। संगठन का कहना है कि यह शर्त न तो विद्यार्थियों के हित में है और न ही शिक्षकों के, और इससे जिला मुख्यालय के ब्लॉकों में तैनात शिक्षकों का अन्य ब्लॉकों में समायोजन प्रभावित होता है। विशेषकर गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे जिलों में यह नीति शिक्षकों के प्रति दंडात्मक साबित हो सकती है। संघ ने जिला सिविल सर्जन कार्यालय द्वारा जारी मेडिकल सर्टिफिकेट को मान्यता देने और संबंधित शिक्षकों को अंक प्रदान करने, 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग शिक्षकों को समान अंक देने की भी मांग की। उन्होंने स्वीकृत पदों को कैप्ड रखने को शिक्षा विरोधी नीति बताते हुए खाली पदों की भरपाई पर जोर दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि प्रत्येक सेवा वर्ष पर शिक्षक को एक अंक दिया जाए, नार्मलाईजेशन और रैशनलाइजेशन के मानक स्पष्ट किए जाएँ और किसी शेड्यूल जारी होने से पहले दिशा-निर्देश सार्वजनिक किए जाएँ। निदेशक माध्यमिक शिक्षा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सभी सुझावों को सरकार तक भेज दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में रामपाल शर्मा, रामेश्वर दास, वीरेंद्र सिंह (जिला प्रधान, कुरुक्षेत्र), अमरनाथ किठानिया (जिला सचिव) आदि मौजूद रहे।