संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। श्री कपिल मुनि राजकीय महिला महाविद्यालय में हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर के छठे दिन रविवार को पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
शिविर की शुरुआत वंदे मातरम् और एनएसएस गीत के साथ हुई, जिसके पश्चात स्वयंसेविकाओं ने योगाभ्यास किया। प्रातःकालीन सत्र में छात्राओं ने ‘प्लास्टिक हटाओ, पृथ्वी बचाओ’ के नारों के साथ जागरूकता रैली निकाली और आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई।
सांयकालीन सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में भूगोल प्राध्यापक डॉ. राम जुवारी ने ‘पर्यावरण जागरूकता एवं एनएसएस वालंटियर्स की भूमिका’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि पृथ्वी मां के समान हमारा पोषण करती है और इसका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने सतत विकास पर जोर देते हुए कहा कि पेड़-पौधों का संरक्षण कर ही भविष्य की पीढ़ियों के लिए संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। शिविर का विधिवत समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।