कैथल। पुलिस की नशा जागरूकता टीम ने बुधवार को थाना राजौंद और थाना कलायत क्षेत्र में अभियान चलाकर युवाओं व आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। टीम ने गांवों, स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि टीम में एसआई कर्मबीर, एचसी सुनील कुमार, महिला सिपाही रेखा व सोनिया, एसपीओ राजपाल, प्रदीप कुमार और जसविंदर सिंह शामिल रहे। अधिकारियों ने युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए नशे से होने वाले सामाजिक, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए स्वयं नशा न करने और दूसरों को भी इससे दूर रखने की शपथ ली। एसपी उपासना ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। यह स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ युवाओं के भविष्य को भी अंधकारमय बनाता है। संवाद