संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। प्रदेश मेंं खाद्य सुरक्षा का संदेश देते हुए मिलावट के खिलाफ नागरिकोंं को जागरूक करने के लिए युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग हरियाणा ने विशेष अभियान चलाए हैं। इसके तहत कलायत के गांव पिंजुपुरा स्थित राजकीय आईटीआई में जागरूकता सेमिनार का आयोजन हुआ।
संस्थान प्रधानाचार्य भूपेन्द्र पाल सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने खाद्य सुरक्षा व उस में मिलावट के संदर्भ में व्यापक चर्चा की। साथ ही इसके स्वास्थ्य पर होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में सिलसिलेवार बताया। कार्यक्रम में खाद्य एवं आपूर्ति निरीक्षक सुरेश कुमार, महिला एवं बाल विकास विभाग से सुपरवाइजर शिल्पा व चेतना विशेषज्ञ के रूप में मौजद रही। फूड सप्लाई इंस्पेक्टर ने खाद्य पदार्थों में मिलावट व इसके शरीर पर पडऩे वाले हानिकारक प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। सुपरवाइजर शिल्पा व चेतना ने पोषक आहार के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि शारीरिक व मानसिक विकास के लिए पोषक आहार का बहुत महत्व है। इस दौरान स्वास्थ्य का संदेश देते हुए विद्यार्थियों को रिफ्रेशमेंट के लिए पोषक आहारों से भरपूर खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई गई। इस अवसर पर सभी वर्ग अनुदेशक व स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।