संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नशा मुक्त हरियाणा अभियान के अंतर्गत एएसआई ओमप्रकाश और एचसी सुनील कुमार की जागरूकता टीम ने जिले के विभिन्न स्थलों पर महिलाओं, बच्चों और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने कहा कि नशा समाज का घातक दुश्मन है। इसे जड़ से समाप्त करने के लिए हर नागरिक, ग्राम पंचायत, सामाजिक संस्था और युवा क्लब को आगे आकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति पुलिस की मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाकर इसे जन आंदोलन का रूप दे सकता है। उन्होंने बताया कि कैथल पुलिस की विभिन्न टीमें निरंतर नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। साथ ही युवाओं को खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है।
एसपी ने कहा कि अभियान की शत-प्रतिशत सफलता के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। नशे के खिलाफ लड़ाई अकेली पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए हमें एकजुट होकर नशे के खिलाफ आवाज उठानी होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस केवल नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं कर रही, बल्कि नशा पीड़ित व्यक्तियों को उपचार दिलवाने में भी सहयोग कर रही है। आमजन से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे इस अभियान में सक्रिय भाग लें, आरोपी का समर्थन न करें और नशा मुक्त समाज की दिशा में ठोस कदम उठाएं। आस्था मोदी ने कहा, आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए हमें आज ही नशे के खिलाफ संकल्प लेना होगा — इसकी शुरुआत स्वयं से और अपने परिवार से करें। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को अच्छे संस्कार दें ताकि वे नशे की ओर न जाएं और स्वस्थ समाज के निर्माण में भागीदार बन सकें।