संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में लगातार छठे दिन मंगलवार को भी कोहरा और शीत दिवस का प्रकोप जारी रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार से अगले तीन दिन तक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस गिरकर 8.0 दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम रहा। दिनभर शीत लहर चलती रही।
मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह जिले में घने कोहरे, ठिठुरन और पाले की संभावना बनी हुई है। विभाग ने 26 दिसंबर तक घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मंगलवार की सुबह भी कोहरे के साथ हुई। इससे पहले रविवार रात से ही शहर को कोहरे ने अपनी चपेट में ले लिया था, जो सोमवार दोपहर तक छाया रहा। हालांकि सोमवार को करीब एक घंटे तक निकली धूप से लोगों को सर्दी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन शाम होते ही ठंड फिर बढ़ गई और कोहरा छाने लगा।
मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान गिरकर 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि हरियाणा में 26 दिसंबर तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि दिन के तापमान में हल्की गिरावट और नमी बढ़ने से अधिकतर क्षेत्रों में सुबह कोहरा बना रहेगा। 25 दिसंबर से उत्तर और उत्तर-पश्चिमी शीत हवाएं चलने की संभावना है, जिससे विशेषकर रात्रि के तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है।
राजौंद में चार दिन बाद निकली धूप
राजौंद। पिछले चार दिनों बाद धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली, सबसे ज्यादा सुविधा महिलाओं को हुई, महिलाओं ने बताया कि पिछले लगातार चार-पांच दिनों से धूप नहीं निकल रही थी,जिससे उनको कपड़े सुखाने को लेकर बहुत मुश्किल उठानी पड़ रही थी। मंगलवार को जैसे ही 10 बजे के आसपास धूप निकली तो उन्हें कपड़े सुखाने में काफी राहत मिली।
उधर, दुकानदारों व आम जनों ने कहा कि मंगलवार को धूप निकलने के बाद हाड़ कंपा देने वाली सर्दी से काफी राहत मिली है हालांकि शाम को फिर सर्दी हो गई। लेकिन दिन में निकली धूप से लोगों को काफी राहत मिली है। बता दें कि सुबह 10 बजे तक भी घने कोहरे के कारण मार्गो पर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था और वाहन बिल्कुल धीमी गति से निकल रहे थे। लेकिन जैसे ही सूर्य देव के दर्शन लोगों को हुए और धूप निकलने से सबको सुकून मिला। बच्चों ने दोपहर में मैदान में खेलकर अपना समय बिताया। दूसरी ओर किसानों का कहना है कि मौसम गेहूं की फसल के मुफीद है। आने वाले समय में बारिश होने के बाद मौसम गेंहू के लिए और भी फायदेमंद साबित होगा। संवाद