संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेड़ी गुलाम अली में शनिवार को कक्षा 12वीं की छात्रा महक दीप कौर को एक दिन के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस नवाचार का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रशासनिक समझ को बढ़ावा देना था।
सुबह की प्रार्थना सभा में महक दीप कौर ने कहा कि प्रधानाचार्य बनना सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि यह जिम्मेदारी निभाने और नेतृत्व के गुणों को आत्मसात करने का अवसर है। उन्होंने दिन की शुरुआत शिक्षकों की उपस्थिति जांचने, राष्ट्रगान संचालन, और विद्यार्थियों को संबोधित करने से की।
इस अवसर पर छात्रा कोमल प्रीत ने प्रधानाचार्य की सहायिका की भूमिका निभाई। दोनों छात्राओं ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और कई कमियों को समझकर सुधार संबंधी सुझाव भी दिए।
प्रबंधन और व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण ः महक दीप कौर ने सभी कक्षा-कक्षों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से फर्नीचर, पंखे, बिजली उपकरण और साफ-सफाई की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शौचालयों और पेयजल टंकियों की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों से संवाद किया। उन्होंने मिड-डे मील कार्यक्रम में भी भाग लिया और बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया।
उन्होंने विद्यार्थियों की कुछ कॉपी भी जांचीं और अगस्त मास के सेट एग्जाम के संबंध में बच्चों से सीधा फीडबैक लिया। अपने संदेश में उन्होंने बच्चों को अनुशासन, नवाचार और रोजगारोन्मुख शिक्षा से जुड़ने का आह्वान किया।
विद्यालय स्टाफ के जयगोपाल, पवन, नवजीत, सतबीर, सचिन धीमान, रविंद्र, मनजीत, भारत, शमशेर, भूपेंद्र, संदीप, नरेंद्र, रमेश, अशोक, सतविंदर, कुसुम, जसवीर, अंजू, चीनू, ममता, महेश, बबली, रोशन और कमल ने सहयोग किया।
क्लस्टर हेड और स्टाफ ने की सराहना
क्लस्टर हेड हरपाल सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयोग विद्यार्थियों के छिपे नेतृत्व कौशल को सामने लाने का एक प्रेरणादायक प्रयास है।