संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कलायत रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव करवाते हुए सेवाओं को मजबूती देने को देवभूमि रेल यात्री अधिकार संघर्ष समिति प्रयास कर रही है। इस महत्वपूर्ण मांग को लेकर समिति सदस्यों ने शुक्रवार रात्रि कैथल में कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल से मुलाकात की।
इस दौरान मुख्य रूप से संगठन संस्थापक रामकुमार नायक, प्रधान रोहताश धानियां, मुख्य सलाहकार रवि शंकर कौशिक, महासचिव शंकर गर्ग, सतबीर नायक, सुरेंद्र धानियां, दीपक अठवाल और दूसरे सदस्य मौजूद रहे।
उन्होंने सांसद को बताया कि कोरोना काल मार्च 2020 से बंद हुई रेलगाड़ी संख्या 54039 व 54042 को दोबारा से चलाने के साथ-साथ गाड़ी संख्या 19411 और 19412 साबरमती एक्सप्रेस का कलायत में ठहराव किया जाए। ऐसा न होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है।
कुरुक्षेत्र से जींद और जींद से कुरुक्षेत्र को दोपहर बाद चलती थी। कलायत में इन गाड़ियों का मेल होता था। एक जनवरी से जो रेलवे ने सारणी में बदलाव किया है उसमे सुधार करके गाड़ी संख्या 54038 सुबह जींद जंक्शन से कुरुक्षेत्र जंक्शन के लिए चलती है। इसका समय जींद जंक्शन से 05:30 किया जाए। यह गाड़ी सुबह जींद जंक्शन से सुबह 4 बजे चलती है जिसके कारण दैनिक यात्री इस सुविधा का फायदा नहीं उठा पा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सवारी गाड़ी संख्या 54048 जींद जंक्शन से चलती है। इस गाड़ी को रोहतक जंक्शन से चलाया जाए। क्योंकि जींद जंक्शन में यह गाड़ी काफी समय खड़ी रहती है। ऐसा करने पर रोहतक पीजीआई से आने वाली सवारियों की समस्या समाप्त होगी। धर्म क्षेत्र के कुरुक्षेत्र के धार्मिक महत्व को देखते हुए मेलों का क्रम जारी रहता है। पवित्र स्थान पर रोहतक से यहां पहुंचते है। इस लिए इस गाड़ी को रोहतक से चलाया जाए।
सावरमती एक्सप्रेस के ठहराव की कलायत शहर को लंबे समय से ठहराव की दरकार रही है। एक्सप्रेस रेल गाड़ी को कुरुक्षेत्र से नरवाना रूट से चलते हुए काफी समय हो गया है। आज तक रेलवे स्टेशन कलायत में ठहराव नहीं हुआ। इसके लिए देवभूमि रेलयात्री अधिकार संघर्ष समिति ने हस्ताक्षर अभियान चला कर क्षेत्र वासियों से हस्ताक्षर करता कर ज्ञापन तत्कालीन सांसद और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सौंपा था। सांसद रहते समय नायब सिंह सैनी ने रेल गाड़ियों के मुद्दे को सदन में उठाया था।
एक्सप्रेस रेल गाड़ी का कलायत में ठहराव नहीं हो पा रहा। इस गाड़ी से क्षेत्र वासियों को धार्मिक स्थलों से जुड़ी आस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य व देश-प्रदेश के कार्य के लिए काफी लाभ हो सकता है। इसके जरिये कुरुक्षेत्र, चंडीगढ़ पीजीआई, हिमाचल पर्यटक क्षेत्र व दूसरी तरफ रोहतक पीजीआई, श्री खाटू श्याम और पर्यटक क्षेत्र जयपुर से आने जाने मेंं सुविधा मिलेगी। कलायत देवभूमि के साथ-साथ धार्मिक स्थल एवं अनाज मंडी का स्टेशन है।
संघर्ष समिति के विषय महत्वपूर्ण : जिंदल
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि देवभूमि रेल यात्री अधिकार संघर्ष समिति ने जो ज्ञापन दिया गया है उसमें महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। इनके पूरा होने से विकास व सुविधाओं का ढांचा मजबूत होगा। इसके मद्देनजर वे इन मांगों को पूरा करवाने के लिए प्रयासरत हैं। उम्मीद हैं कि पीएम और केंद्रीय रेल मंत्री इस सुविधा का लाभ देने का काम करेंगे।