संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत/कैथल। कैलरम गांव और आसपास के लोगों को बाबा ठंडू नाथ डेरे की ओर से बड़ी सौगात मिली है। दान की गई जमीन पर मेडिकल कॉलेज बनाने की बात कही गई है।
डेरा महंत बालक नाथ ने बताया कि गांव कैलरम व आसपास के गांव में उच्च शिक्षा संस्थान नहीं होने के कारण युवाओं को शिक्षा ग्रहण करने के लिए दूर शहरों में जाना पड़ रहा था इसी को ध्यान में रखते हुए डेरा संस्थान और गांव के गणमान्य लोग लंबे समय से डेरा संस्थान और गांव के लोग इस भूमि का सामाजिक और शैक्षणिक कार्यों के लिए उपयोग करने पर विचार कर रहे थे।
गौरतलब है कि कैलरम स्थित डेरे के पास बात्ता रोड पर करीब 60 एकड़ जमीन है। इस भूमि पर मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा, जिसके लिए भूमि पूजन किया गया। गांव की नौ कन्याओं के हाथों से इस शुभ कार्य की शुरुआत हुई। संस्थान के बनाने में डेरा, गांव के लोगों के अलावा सरकार या जहां से भी मिलेगा सहयोग लिया जाएगा।
महंत बालकनाथ ने बताया कि बाबा ठंडू नाथ की याद में हर साल 27 मार्च को गांव में गरीब कन्याओं की शादी, मेले और भंडारे का आयोजन होता है। इस बार भी 27 मार्च को गांव कैलरम, तितरम और डेरे के सहयोग से 6 गरीब कन्याओं की शादी करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही गांव में एक आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी भी शुरू होगी। गांव में लड़के और लड़कियों के लिए एजुकेशनल संस्थान बनने से बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए दूर शहर नहीं जाना पड़ेगा।