संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एनआईआईएलएम विश्वविद्यालय में स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन व फिजिकल एजुकेशन के संयुक्त तत्वावधान में एनआईआईएलएम विवि इलेवन एवं मीडिया इलेवन कैथल के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच हुआ। मैच में मीडिया इलेवन टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवरों में तीन विकेट गंवाकर 157 रन बनाए। इसके जवाब में विश्वविद्यालय इलेवन की टीम ने 15.2 ओवर में पांच विकेट पर लक्ष्य हासिल कर पांच विकेट से मैच जीत लिया।
मैच में मैन ऑफ द मैच का खिताब डॉक्टर सोनू को मिला। बेस्ट बॉलर का पुरस्कार बलजीत सिंह चहल को मिला। मीडिया इलेवन की तरफ से बल्लेबाज मुकेश कुमार ने सबसे सर्वाधिक 61 रनों का योगदान दिया। बल्लेबाज धर्मेंद्र ने 48 रन 33 गेंद पर बनाए। मुकेश और धर्मेंद्र दोनों ने बोलिंग में भी उम्दा प्रदर्शन करते हुए दो-दो विकेट लिए। इस मैच में कप्तान के रूप में विश्वविद्यालय टीम की तरफ से बलजीत सिंह चहल और मीडिया इलेवन की तरफ से सुरेंद्र सैनी ने अपनी-अपनी टीम का
नेतृत्व किया।
विश्वविद्यालय जनसंपर्क अधिकारी डॉक्टर मनोज कुमार ने बताया कि मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच में में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) शमीम अहमद ने शिरकत की और सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई दी। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुख्य अतिथि महोदय का परिचय करवाया गया और कुलपति ने कहा कि खेलों की हमारे जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका है खेलने से मनुष्य समस्त एवं मजबूत रहता है और खेल हमें एकजुट होकर लक्ष्य प्राप्त करने और साथ ही जीवन में अनुशासन में रहने की प्रेरणा देते हैं इसके साथ-साथ विवि खिलाड़ियों को हर स्तर की अच्छी से अच्छी सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय कुलसचिव डाॅ. राजीव दहिया, जिला जनसंपर्क अधिकारी नसीब सैनी, पंकज अत्रि, डीन अकेडेमिक्स प्रो. आरके गुप्ता, परीक्षा नियंत्रक डॉ. मंजीत जाखड़, विश्वविद्यालय खेल निदेशक डॉ. बलविंद्र सिंह, शारीरिक शिक्षा विभाग अध्यक्ष डॉ. रवि गहलावत, चीफ एडमिन कप्तान अनिल कुमार वरिष्ठ पत्रकार जोगेंद्र कुंडू मोहन नायक, विक्रम यादव आदि उपस्थित रहे।