संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। रोडवेज विभाग की तरफ से करीब एक महीने पहले ही कैथल डिपो के माध्यम से बस चालने के लिए मांगे गए परमिट के लिए अनुमति नहीं मिल सकी है। इस कारण अब इन दोनों ही रूटों पर बसों का संचालन करने में और अधिक देरी होगी। अब कैथल डिपो ने इन दोनों ही रूटों के लिए फिर से परमिट मांगा है।
यदि परमिट मिलता है तो ही इन रूटों पर बसों का संचालन होगा। हालांकि रोडवेज विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस रूट पर अगले एक महीने तक बसों का संचालन शुरू होगा।
बसों की संख्या कम होने पर कम हुआ बसों का संचालन ः गौरतलब है कि बसों की संख्या कम होने पर लंबे रूटों पर बसों का संचालन कम हो गया था। परंतु हाल ही में डिपो में बसाें की संख्या बढ़ने के बाद अब धीरे-धीरे सभी रूटों पर बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। इस समय कैथल रोडवेज के बेड़े में 188 बसें हैं। रोडवेज प्रबंधन ने कुछ महीने पहले ही जयपुर, जम्मू-कटरा और हरिद्वार के लिए बस सेवा शुरू की थी। अब वृंदावन और मथुरा के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी। यदि बसों का संचालन होता है तो रोडवेज विभाग को लाभ मिलेगा।
संस्थान प्रबंधक रोहताश जांगड़ा ने बताया कि वृंदावन व मथुरा के लिए बस सेवा शुरू करने के लिए परमिट की मांग की गई थी, लेकिन इस रूट पर अभी तक परमिट के लिए अनुमति नहीं मिल सकी है। उम्मीद है कि अब अगले एक महीने तक दोनों ही रूटों पर बस संचालन के लिए यह परमिट मिल जाएगा।