संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांव नीमवाला में लड़कों के कबड्डी टूर्नामेंट के बाद मंगलवार को लड़कियों का ओपन सर्कल कबड्डी टूर्नामेंट आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में हरियाणा और पंजाब की करीब 34 टीमों ने भाग लिया। मतलौडा की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल में गांव मतलौडा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। विजेता टीम को 61 हजार रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। वहीं दूसरे स्थान पर हिसार जिले के गांव सौथा की टीम रही, जिसे 41 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। गांव समैण की सोनिया को बेस्ट रेडर और मतलौडा की मोनिका को बेस्ट कैचर चुना गया। दोनों खिलाड़ियों को आयोजकों की ओर से इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी देकर सम्मानित किया गया। आयोजन ने ग्रामीण क्षेत्र में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ महिला खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का माध्यम प्रदान किया।