संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आठ मार्च को महाशिवरात्रि के लिए लेकर मंदिर व बाजार सज गए हैं। लोहड़ी के बाद मनाए जा रहे सबसे बड़े पर्व को लेकर कारोबारियों में भी उत्साह है। बाजारों में बेलपत्र, फूल व फल की मांग बढ़ गई है।
इसके अलावा लोग अपने घर में पूजा के स्थान पर रखने के लिए छोटे आकार का शिवलिंग, त्रिशूल, भोले नाथ की प्रतिमा, तांबा का लोटा सहित अन्य सामान की जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
महाशिवरात्रि को लेकर भगवान शिव का शृंगार और पूजा की सामग्री के लिए भी छोटे दुकानदारों ने तैयारी की है। उधर, बुधवार को ज्यादातर मंदिरों को रंगीन लाइटों व फूलों से सजाकर भव्य रूप दिया जाएगा।
दुकानदार श्रवण ने बताया कि शिवरात्रि के दिनों में पूजा के सामान की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में बाजार में फूल, पूजा का सामान व अन्य सामग्री की दुकानें सजाई गई हैं। महाशिवरात्रि पर्व पर लोग अपने नए कार्यों की शुरूआत करना भी शुभ मानते हैं और घरों में भी हवन करवाते हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए लोग बाजार से पूजा अर्चना का सामान, फल व फूल सभी प्रकार की वस्तुओं की खरीदारी करते हैं।
महाशिवरात्रि पर भगवान शिव के पूजा-उपासना करने से भोलेनाथ प्रसन्न हो जाते हैं और उनकी कृपा से भक्तों के सभी मनोरथ सिद्ध हो जाते हैं। शिव उपासना से मनुष्य जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में विजय तथा सफलता प्राप्त करता है तथा सदैव रोग मुक्त भी रहता है। महाशिवरात्रि को कुंवारी कन्या द्वारा इनकी आराधना करने व उपवास करने से मनोवांछित वर प्राप्ति होती है। - सुजाता