संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका/कैथल। मार्केट कमेटी चीका के सचिव की तरफ से धान की खरीद व उठान के रिकॉर्ड में अनियमितता पाए जाने पर प्रदेश सरकार ने सचिव पर कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र ढुल को निलंबित किया है। सचिव के निलंबन की जानकारी सरकार की तरफ से पत्र के माध्यम से दी गई है।
बताया जा रहा है कि सचिव ने संबंधित विभाग के आला अधिकारियों को धान की आवक और उठान की सही जानकारी नहीं दी है। वहीं तीन दिन पहले ही मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने भी अनाज मंडी में पहुंचकर धान की आवक और उठान को लेकर जानकारी प्राप्त की थी। यह भी कयास लगाए जा रहे है मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम के निरीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
हालांकि सचिव ने उठान की जानकारी सही क्यों नहीं दी, इसकी पुष्टि भी अभी तक नहीं हो पाई है।सचिव नरेंद्र ढुल के स्थान पर अतिरिक्त सचिव रोहतास कार्यभार संभालेंगे। डीएमइओ अभिनव वालिया ने बताया कि उन्हें विभाग के मुख्यालय से चीका मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र को निलंबित करने के आदेश मिले हैं। इसकी जानकारी उपायुक्त कार्यालय में दे दी गई है। उनके स्थान पर अतिरिक्त सचिव रोहतास कार्यभार संभालेंगे।