ढांड। बाबू अनंत राम जनता महाविद्यालय कौल में राजनीति विभाग, अंग्रेजी विभाग, अर्थशास्त्र विभाग एवं एनसीसी की ओर से जल शक्ति अभियान के तहत ऑनलाइन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं करवाई। नारा लेखन में मानसी और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में भूमिका को पहला स्थान मिला। निबंध प्रतियोगिता में कोमल प्रथम रहीं।
प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल ने बताया कि जल शक्ति अभियान का मुख्य विषय जल एवं जल संसाधन संरक्षण था। इसके तहत निबंध लेखन, नारा लेखन एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता करवाई। उन्होंने बताया कि प्रदेश के महाविद्यालयों से लगभग 200 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपने संदेश को निबंध, नारा, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के माध्यम से प्रस्तुत किया।
प्राचार्य ने बताया कि नारा लेखन प्रतियोगिता में हिन्दू कन्या महाविद्यालय जींद की मानसी अव्वल रहीं। भीमराव आंबेडकर महाविद्यालय जगदीशपुरा की ज्योति व आईजी महिला महाविद्यालय कैथल की कोमल को द्वितीय स्थान मिला। दयानंद कालेज हिसार की रजत सोनी तृतीय रहीं। इसी प्रकार पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में केवीए डीएवी कॉलेज फार वुमैन करनाल की भूमिका प्रथम रहीं। आरकेएसडी कॉलेज कैथल की इंदू द्वितीय और गवर्मेंट पीजी कॉलेज फॉर वुमेन रोहतक की दीप्ति और दयानंद कालेज हिसार की पारुल शर्मा ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
प्राचार्य ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आर्य कन्या कॉलेज अंबाला कैंट की कोमल, सरस्वती महिला महाविद्यालय पलवल की सृष्टि को दूसरा और टीआईएचएस कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की प्रिया और बाबू अनंत राम जनता कॉलेज कौल की रूबी देवी ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।