संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पाडला गांव के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 29 वर्षीय युवक की बाजू कट गई, जबकि टांग में फ्रैक्चर सहित कई गंभीर चोटें आई हैं। घायल को पहले नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
कैथल सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव कोलेखां निवासी अमित ने बताया कि 26 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे वह अपनी बाइक से गांव बाबा लदाना की ओर जा रहा था। गुहणा से आगे पाडला के पास पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने लापरवाही से चलाते हुए उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वह बाइक सहित दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार पेड़ से टकरा गई, जिसके बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया।
राहगीरों ने घायल को संभाला तो पता चला कि उसकी एक बाजू कंधे से अलग हो चुकी थी। तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जांच अधिकारी एसआई बलराज सिंह ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथिमकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वाहन की चपेट में आने से बाइक चालक घायल
कैथल। कैथल के गांव मालाखेड़ी में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक चालक घायल हो गया। उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
गांव सांघन के अजय ने सदर पुलिस कैथल को दी शिकायत में बताया कि 29 अप्रैल को जब वह अपने भाई गुरदीप के साथ बाइक पर सवार होकर गांव मालखेड़ी क्षेत्र से गुजर रहा था तो एक अज्ञात कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उसका भाई बुरी तरह से घायल हो गया। आरोपी वाहन चालक मौके से भाग गया। मामले के जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक चरण सिंह ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद