ऋतुराज को बधाई देते हुए किरण कुमारी व अन्य वकील। वकील
कैथल। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में महिला आरक्षित सहसचिव पद पर ऋतु राज निर्विरोध चुन ली गई हैं। वीरवार को नामांकन पत्रों की छंटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई। सहसचिव पद पर ऋतु राज और किरण कुमारी के बीच सहमति बनने के बाद किरण कुमारी ने अपना नामांकन वापस लेते हुए ऋतु राज का समर्थन किया।
इसके साथ ही ऋतु राज को संयुक्त सचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। अब जिला बार एसोसिएशन के प्रधान पद के लिए मानव मदान और प्रदीप कुमार धारीवाल के बीच सीधा मुकाबला होगा। वरिष्ठ उप प्रधान पद पर तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। इस पद के लिए प्रवीण शर्मा, संजीव कुमार सैनी और सत्यवीर सिंह सहारण के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। वहीं महिला आरक्षित उप प्रधान पद पर भी लविका, नीना शर्मा और रजनी गुप्ता के बीच मुकाबला होगा। सचिव पद के लिए उमेश और सुशान शर्मा आमने-सामने हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की निगाहें चुनाव की आगामी प्रक्रिया और मतदान पर टिकी हैं।
1478 अधिवक्ता करेंगे अपने मत का प्रयोग
चुनाव अधिकारियों का कहना है कि इस बार जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में कुल 1478 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव अधिकारी जयनारायण अत्री, उपचुनाव अधिकारी सुभाष चंद महला, गौरव जैन, विक्रम सिंह नैन और विकास चहल ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद सभी प्रमुख पदों के लिए उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट हो गई है।
ऋतु राज को दी बधाई
सहसचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद ऋतु राज को साथी अधिवक्ताओं ने बधाई दी। अधिवक्ताओं ने उनके निर्विरोध चुने जाने पर शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह बार के हितों के लिए प्रभावी ढंग से काम करेंगी। ऋतु राज ने अपने निर्विरोध निर्वाचन के लिए किरण कुमारी का आभार जताया और कहा कि उन्होंने जिस विश्वास के साथ अपना समर्थन दिया है, वह उसके लिए आभारी हैं। ऋतु राज ने अपने सीनियर अधिवक्ता पीएल भारद्वाज का भी सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया। ऋतु राज बीते पखवाड़े जिला बार एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी की मनोनीत सदस्य भी रही हैं।
ऋतुराज को बधाई देते हुए किरण कुमारी व अन्य वकील। वकील