कैथल। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट टीम विदेश भेजने के नाम पर लीबिया देश में बंधक बनाकर वसूली करने वाले गिरोह के सदस्य मान सिंह को लेकर फतेहाबाद व टोहाना पहुंची।
यहां पर पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों व जमीन की जांच पड़ताल की। आरोपी ने रिमांड के दौरान पूछताछ में कबूल किया है कि वह रुपये हवाला के जरिये लेता था। पुलिस अब उससे अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही है। रविवार को एसपी ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी थी।
जानकारी के अनुसार गांव फरीयाबाद निवासी सुरेश कुमार, रामबीर व गांव बड़सीकरी खुर्द निवासी कृष्ण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनके पुत्र आदित्य, विक्रांत व सुमित को विदेश भेजना चाहते थे। उनके बच्चों की फतेहाबाद जिला के गाजूवाला गांव निवासी मंजीत के माध्यम से फतेहाबाद के साधनावास गांव निवासी मान सिंह विदेश भेजने की बात हुई।
आरोपी मान सिंह ने प्रत्येक युवक को 26 लाख में कनाडा भेजने की बात हुई। युवकों को कनाडा भेजने का झांसा देकर मान सिंह 10 सितंबर को दुबई की टिकट करवाकर अपने साथ ले गया। उसने युवकों से कहा कि वह कनाडा का वीजा दुबई से लगवाएगा। 11 सितंबर को वे सभी दुबई से लिबिया रवाना हो गए। लीबिया में रहने व खाने के खर्च के नाम पर उनसे रुपये मांगे गए।
29 सितंबर तक परिवारजनों की विदेश गए बच्चों से बात होती रही। कुछ समय बाद एक अली नामक व्यक्ति ने पीड़ित परिवारों से संपर्क कर फिरौती की मांग की। इस संबंध में थाना राजौंद में मामला दर्ज कर लिया गया। एसपी उपासना ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल को सौंपी गई।
स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी रमेश चंद ने कार्रवाई करते हुए विदेश मंत्रालय, दूतावास व अन्य एजेंसियों के सहयोग में लीबिया में बंधक बनाए गए भारतीय पांच युवकों को सकुशल मुक्त करवाया था। संवाद