कैथल। जिले के कैंसर के मरीजों को कीमोथेरेपी के लिए रोहतक और चंडीगढ़ जैसे मेडिकल कॉलेजों में नहीं जाना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जल्द ही नागरिक अस्पताल में कीमोथेरेपी डे केयर सेंटर शुरू किया जाएगा।
इससे कैथल के साथ आसपास के कई जिलों के मरीजों को आसानी से इलाज मिल सकेगा। जिला के नागरिक अस्पताल में यह सुविधा लागू होने से न केवल मरीजों को सफर से छुटकारा मिलेगा बल्कि अलग-अलग अस्पतालों में कीमोथेरेपी के लिए दी जाने वाली मोटी रकम से भी निजात मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से यह फैसला मरीजों की सुविधाओं को देखते हुए लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक जिले में करीब 550 कैंसर मरीज हैं। अभी इन मरीजों को कीमोथेरेपी के लिए दूसरे जिलों में जाना पड़ता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दो डॉक्टरों को प्रशिक्षण के लिए झज्जर के सिविल अस्पताल में भेजा है। इसके अलावा नर्सिंग स्टाफ से भी दो लोगों को प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि डे केयर सेंटर में मरीज सुबह आकर दाखिल हो सकेंगे और दिनभर इलाज के बाद उन्हें रात को ही छुट्टी दे दी जाएगी। इसके बाद वे अपने घर जा सकेंगे। ऐसे ही आगे की प्रक्रिया रहेगी। उन्हें समय अनुसार अस्पताल के डे केयर सेंटर में बुलाया जाएगा और इलाज के बाद छुट्टी देकर उन्हें आगे दोबारा आने का समय बताया जाएगा। सिविल सर्जन डॉ. डॉक्टर रेनू चावला ने बताया कि डे केयर सेंटर के लिए अस्पताल में कमरे व अन्य सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। डॉक्टर भी ट्रेनिंग पर गए हुए हैं, जल्द ही उनकी ट्रेनिंग पूरी हो जाएगी। संवाद