संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कौशल रोजगार निगम के तहत नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक युवक से 2 लाख 13 हजार 659 रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर तितरम थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव पाड़ला निवासी कुलदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पेशे से चालक है और आठवीं तक शिक्षित है। वह और उसका भाई नौकरी की तलाश में थे। 15 दिसंबर 2025 को वह अपने साले की शादी में जाखौली गांव गया था, जहां उसकी मुलाकात गांव निवासी संजू से हुई, जो स्वयं स्वास्थ्य विभाग में चालक के पद पर कार्यरत है।
आरोपी ने दोनों भाइयों को कौशल रोजगार के तहत नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और इसके बदले चार लाख रुपये की मांग की। शुरुआती तौर पर उसने दो लाख रुपये देने को कहा। आरोपी के झांसे में आकर पीड़ित ने उसके बताए गूगल पे नंबर पर अलग-अलग किश्तों में कुल 2,13,659 रुपये ट्रांसफर कर दिए, जिसमें कुछ राशि अन्य व्यक्तियों के माध्यम से भी भेजी गई।
काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो आरोपी टालमटोल करता रहा। एक मार्च को आरोपी ने पीड़ित को जाखौली गांव बुलाकर एक ज्वाइनिंग लेटर दिया, जो जांच में फर्जी निकला। विरोध करने पर आरोपी और उसके परिजनों ने धमकियां दीं। शिकायत में यह भी आरोप है कि आरोपी ने अन्य युवाओं से भी इसी तरह ठगी की है।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर राशि वापस दिलाने की मांग की है। जांच अधिकारी एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।