एसडीएम संजय कुमार को ज्ञापन सौंपते चीका के आढ़ती। आढ़ती
गुहला-चीका। धान के सीजन को देखते हुए चीका अनाज मंडी में फसल डालने के लिए अतिरिक्त जमीन उपलब्ध करवाने की मांग के लिए आढ़ती एसोसिएशन ने कैथल एसडीएम संजय कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
आढ़तियों ने मंडी में धान की आवक के दौरान किसानों और आढ़तियों को होने वाली परेशानियों का हवाला देते हुए तत्काल व्यवस्था करने की मांग की। मंडी एसोसिएशन के प्रधान कर्म चंद गर्ग और राजकुमार जाखौली ने कहा कि चीका अनाज मंडी में धान की फसल डालने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है।
इसके लिए अतिरिक्म जमीन उपलब्ध कराई जाए। धान की आवक बढ़ने पर मजबूरी में फसल सड़कों और रिहायशी कॉलोनियों की सड़कों पर डालनी पड़ती है।
इससे किसानों और आढ़तियों के साथ-साथ आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से धान की फसल रखने के लिए 20 से 25 एकड़ अतिरिक्त जमीन उपलब्ध करवाने की मांग की। आढ़तियों ने कहा कि अतिरिक्त अनाज मंडी में सरकारी खरीद एजेंसी की ओर से रखा गया गेहूं भी काफी जगह घेरे हुए हैं। धान का सीजन शुरू होने से पहले इस गेहूं का प्राथमिकता के आधार पर उठान करवाया जाना जरूरी है। आढ़ती एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल अतिरिक्त भूमि उपलब्ध करवाने और मंडी में रखा सरकारी गेहूं जल्द उठवाने के निर्देश देने की मांग की।
एसडीएम संजय कुमार को ज्ञापन सौंपते चीका के आढ़ती। आढ़ती