संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/पाई। आरकेएम फार्म में शनिवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने पानीपत में किसान की मौत के मामले पर सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की जांच पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के सिटिंग जज से करवाई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
रामपाल माजरा ने मांग की कि मृतक किसान के परिवार को दो करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से आरोपियों पर हत्या की धारा नहीं लगाई जा रही, जो बेहद निंदनीय है।
प्रदेशाध्यक्ष माजरा ने चेतावनी दी कि अगर 10 जून तक सरकार ने इस मामले में हत्या की धारा मुकदमे में नहीं जोड़ी और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की तो इनेलो कार्यकर्ता पानीपत जिला मुख्यालय पर बड़ा प्रदर्शन करेंगे।
उधर, पाई में इनेलो ने 10 जून को सुबह 10 बजे पानीपत जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन की घोषणा की। इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने बताया कि इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला करेंगे। माजरा ने इसे भाजपा सरकार के कुशासन के खिलाफ एक निर्णायक
कदम और इनेलो के नव अभियान का आरंभ बताया।
रामपाल माजरा ने प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था का दिवाला निकल चुका है। अपराधी बेखौफ हैं, अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे। मुख्यमंत्री केवल भाषणवीर बने हुए हैं जबकि जमीनी हालात बदतर होते जा रहे हैं। इनेलो ने राज्य सरकार से 10 जून तक दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही पार्टी ने मृतक किसान के परिवार को दो करोड़ रुपये का मुआवजा और एक परिजन को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
किसान सेल की नई कार्यकारिणी बनाई
इनेलो के किसान सेल की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा और किसान सेल के प्रदेशाध्यक्ष फूल सिंह मंजूरा की मौजूदगी में जिला और हलका स्तर पर किसान सेल के पदाधिकारियों की घोषणा की गईं। फूल सिंह मंजूरा ने कहा कि किसान वर्ग इनेलो की रीढ़ है और अब नए पदाधिकारी गांव-गांव जाकर किसान हितों की आवाज बुलंद करेंगे।