संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय के सभागार में सोमवार को डीसी प्रशांत पंवार ने स्वतंत्रता दिवस को भव्य तरीके से मनाने के लिए अधिकारियों की बैठक ली। इसमें विभागीय अधिकारियों को अभी से तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीसी प्रशांत पंवार ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समारोह को देश भक्ति की भावना से ओत-प्रोत होकर पूरे जज्बे से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस विभाग को जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निभाएं।
जिला प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं व अन्य क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह पर मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद परेड निरीक्षण होगा, फिर मुख्यातिथि का संबोधन होगा। इसके उपरांत मार्च पास्ट होगा और राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इससे पहले मुख्यातिथि द्वारा नगर के शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। पीटी शो की भी प्रस्तुति भी होगी। मार्च पास्ट के लिए जिला पुलिस की प्लाटून, गृह रक्षी के साथ-साथ एनसीसी की टुकडि़यां, स्काउट एंड गाइड, प्रजातंत्र के प्रहरी भी शामिल की जाए। उन्होंने कहा कि समारोह स्थल के साथ-साथ शहर में पूरी साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था हो। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यातिथि के लिए निरीक्षण जीप, राष्ट्रीय ध्वज तथा सुरक्षा के व्यापक प्रबंध हों। पुलिस विभाग समारोह के लिए मार्च पास्ट की तैयारियां शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि छह से नौ अगस्त को रिहर्सल व 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर पानी, बिजली, स्टेज, साफ-सफाई, शौचालय व अन्य सभी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं। कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन एसडीएम, नगराधीश, डीईओ, डीआईपीआरओ की कमेटी की ओर से किया जाएगा। सभी कार्यक्रम देशभक्ति की भावना से ओत प्रोत होने चाहिए। बैठक में उन्होंने यह भी कहा कि समारोह स्थल पर अग्निशमन केंद्र, स्वास्थ्य विभाग की तरफ से एंबुलैंस, फर्स्ट एड इत्यादि की व्यवस्था भी होनी चाहिए। बिजली विभाग के अधिकारी बिजली की सुचारू सप्लाई सुनिश्चित करेंगे।
जन स्वास्थ्य विभाग शौचालयों के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करेंगे। विभिन्न चौक पर गेट लगाए जाएंगे। सफाई व्यवस्था का जिम्मा नगर परिषद का रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस विभाग अपनी जिम्मेवारी का निर्वाह करेगा। इस अवसर पर एसडीएम ब्रह्म प्रकाश, सीटीएम गुरविंद्र सिंह, डीएसपी उमेद सिंह, डीआरओ चंद्रमोहन मौजूद रहे।