संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। पूंडरी से ढांड रोड पर जानलेवा बने गति अवरोधक के कारण हुई महिला की मौत के बाद लोक निर्माण विभाग ने संज्ञान लिया है। अब विभाग ने गति अवरोधक पर सफेद पट्टी लगा इसे ऊंचा उठा दिया है।
गौरतलब है कि इस मार्ग पर हैरिटेज होटल व सेलर के बीच सड़क पर लगभग डेढ़ महीना पूर्व विभाग की ओर से बनाए गए स्पीड ब्रेकर लोगों के जीवन पर भारी पड़ रहे थे। जब से संबंधित विभाग ने इस सड़क पर गति अवरोधक बनाए हैं। उसी दिन से वाहन चालक चोटिल हो रहे थे।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा था कि विभाग की लापरवाही के कारण रक्षाबंधन के दिन कई महिलाएं सड़क पर बने अधिक ऊंचाई वाले स्पीड ब्रेकरों पर बाइक से उछल कर सड़क पर गिर कर घायल हुई थी। इनमें गांव फरल की मुकेश रानी की मौत भी हो गई थी।
वीरवार को भी असंध निवासी महिला की गोद से बच्ची सड़क पर गिर गई थी। हादसे में वह घायल हो गई थी। राहगीर सुरेश कांगर, रमेश, भीम, शमशेर सिंह, संदीप, विक्रम, तरसेम, बलविंद्र सिंह ने बताया कि विभाग ने गति अवरोधक तो बना दिए थे, लेकिन गति अवरोधक पर सफ़ेद पट्टी न लगाकर सरेआम लापरवाही बरती। इस कारण वाहन चालक चोटिल हुए। यदि समय रहते विभाग सफ़ेद पट्टी लगा देता तो मुकेश रानी की मौत न होती।
देर से ही सही आखिर विभाग कुंभकर्णी नींद से जागा तो सही। लोगों का कहना है कि कुरुक्षेत्र रोड की तरह भी रिफ्लेक्टर वाले अवरोधक लगा सकते थे। वाहन चालकों की ज़िला प्रशासन से मांग कि यहां से गति अवरोधक हटाया जाए।