संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम ने मंगलवार को डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल कैथल में एनएसएस कैंप के दौरान स्वयंसेवकों को साइबर अपराध के बारे में जागरूक किया। साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी।
समझाया गय कि साइबर अपराध का शिकार होने पर अपनी शिकायत तुरंत साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें। इस दौरान साइबर थाना एसएचओ पीएसआई शुभ्रांशु ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करते हुए बचने के उपायों के बारे में जानकारी दी।
साइबर अपराधी किस प्रकार से साइबर अटैक करके लोगों को अपना शिकार बनाते हैं तथा उन्हें मानसिक, आर्थिक व सामाजिक नुकसान पहुंचाते हैं, के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही ऐसे अपराधों से कैसे बचाव करें, के संबंध में जागरूक किया गया।
एसएचओ ने बताया कि वे किसी भी प्रकार से प्राप्त हुए लिंक को ना खोलें और किसी भी फोन कॉल, संदेश, ईमेल इत्यादि पर दिए गए प्रलोभन या विश्वास में आकर अपनी कोई भी निजी जानकारी किसी के साथ सांझा ना करें। साइबर अपराधों को रोकने के लिए हम सबको मिलकर सांझा प्रयास करने होंगे।
इस दौरान टीम ने सोशल मीडिया के जरिए हो रहे क्राइम से बचने के कई तरीके भी बताए। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन अपराध से बचने का सबसे पहला तरीका ये है कि कोई व्यक्ति आपसे दोस्ती करना चाहता है या आपसे चैट करना चाहता है पहले यह देखिए कि क्या आप उस व्यक्ति को जानते हैं। अज्ञात व्यक्ति को अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल में ना जोड़ें।
इसके अलावा किसी भी लिंक पर क्लिक ना करें, अपना पासवर्ड किसी के साथ भी शेयर ना करें, सोशल मीडिया प्रोफाइल का मुश्किल पासवर्ड सेट करें।
अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन ऑन करें। ऐसे कई उपाय करके इस तरह के क्राइम से बच सकते हैं। साइबर अपराध होने पर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
पूंडरी में चल रहे विशेष शिविर का समापन ः राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूंडरी में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का मंगलवार को समापन हुआ। अंतिम दिन जेआरसी सुशील सैनी ने प्राथमिक चिकित्सा और होम नर्सिंग की ट्रेनिंग दी। उन्होंने कुत्ते और सांप के काटने पर क्या करना चाहिए... के संबंध में जानकारी दी। किसी को दौरा पड़ने पर कैसे सहयोग कर सकते हैं, की जानकारी दी।
कार्यक्रम अधिकारी सुनील दत्त ने बताया कि दूसरे सत्र में विद्यार्थियों की ओर से स्टार्ट अप, आत्मनिर्भर भारत, प्लास्टिक मुक्त भारत आदि अभियानों को लेकर एक प्रदर्शनी लगाई गई। शिविर के सैया कालीन सत्र में स्वयंसेविकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया और शिविर की रिपोर्ट और अनुभव भी शेयर किए। प्रधानाचार्य श्री गिरधारी लाल शर्मा ने शिविर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। जिला कोऑर्डिनेटर विजेंद्र सिंह और कृष्ण प्रजापति ने बच्चों के अनुभवों को भी जाना।