संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आरकेएसडी कॉलेज में तंबाकू मुक्त प्रकोष्ठ ने कॉलेज के पूर्व छात्र प्रकोष्ठ और नारायण सेवा संस्थान के साथ मिलकर नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम और जागरूकता पर एक दिवसीय सेमिनार आयोजित किया। इसमें सभी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के साथ उसके दुष्प्रभाव बताए गए।
कॉलेज के तंबाकू मुक्त क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल जिंदल इस सेमिनार के संयोजक रहे। जबकि जियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. गगन मित्तल और पूर्व छात्र प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. नरेश गर्ग इस सेमिनार के सह-संयोजक रहे। सेमिनार के दौरान छात्रों ने पोस्टर मेकिंग और पीपीटी प्रेजेंटेशन प्रस्तुत की।
प्रिंसिपल डॉ. संजय गोयल ने अतिथि रहे अंकुश शर्मा, सब-इंस्पेक्टर कर्मवीर, सब-इंस्पेक्टर और नीलम रविश का स्वागत किया। उन्होंने तंबाकू मुक्त संस्थान प्रकोष्ठ, पूर्व छात्र समिति, प्राणी शास्त्र विभाग, नारायण सेवा संस्थान कैथल व नशा मुक्त अभियान कैथल पुलिस के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को समय रहते नशे के प्रति जागरूक होना चाहिए और सभी प्रकार के नशे से दूर रहने पर ध्यान देना चाहिए। अंकुश ने छात्रों को एनडीपीएस अधिनियम, नशीली दवाओं के सेवन पर लगाए गए दंड और नशीली दवाओं के दुरुपयोग के हानिकारक प्रभावों के बारे में जानकारी दी।
कर्मवीर ने विद्यार्थियों से तंबाकू और नशीले पदार्थों का सेवन न करने की अपील की। नीलम रविश ने युवाओं के करिअर पर नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। डॉ. नरेश गर्ग ने कार्यक्रम में दो पूर्व विद्यार्थियों अंकुश शर्मा व नीलम रविश के योगदान की सराहना की। बताया कि नारायण सेवा संस्थान ने नशे तथा मोबाइल के अधिक प्रयोग के दुष्परिणामों पर लगभग 25 जागरूकता शिविर आयोजित किए हैं। डॉ. अनिल जिंदल ने मंच संचालन और डॉ. गगन मित्तल ने आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर डॉ. संजय गर्ग और डॉ. राजेश देसवाल ने पोस्टर मेकिंग व पीपीटी प्रेजेंटेशन में निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान सायंकालीन सत्र के प्रभारी प्राचार्य डॉ. हरिंद्र गुप्ता, डॉ. विशाल आनंद, डॉ. पूजा गुप्ता, डॉ. एसपी वर्मा, डॉ. नरेश कुमार और डॉ. मनोज बंसल आिद मौजूद रहे।