फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: युवक-युवती का वीडियो बना मांगे 10 लाख रुपये

Thu, 11 May 2023 12:42 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
कैथल। आईईएलटीएस और पीटीई कोचिंग सेंटर में युवक-युवती की वीडियो बनाने और उसे वायरल न करने की एवज में 10 लाख रुपये की मांग करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पीड़ित का आरोप है कि उसने समय मांगा था, बावजूद व्हाट्सएप पर इसे वायरल कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन


शहर के एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने चीका पुलिस को शिकायत दी कि वह चीका रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर में पार्टनर है। यह सेंटर लगभग तीन साल से आईईएलटीएस और पीटीई की कोचिंग युवाओं को दे रहा है। कोचिंग सेंटर पर उसका भाई भी काम करता है। उसके भाई के एक लड़की के साथ दोस्ताना संबंध थे, जो सेंटर से ही कोचिंग ले रही थी। वह अब कनाडा चली गई है।

पीडि़त का कहना है कि उस लड़की ने सेंटर में रिसेप्शन पर भी काम किया है। वह उसके भाई के साथ हमेशा दोस्तों की तरह व्यवहार करती थी और एक-दूसरे से गले भी मिल लेते थे। सेंटर के एक सफाई कर्मचारी कमल ने गुप्त तरीके से उसके भाई और लड़की की दोस्ताना व्यवहार करते हुए वीडियो बना ली।
विज्ञापन


उन्हें इस संबंध में तब पता चला जब स्वयं को एक सोशल मीडिया का रिपोर्टर बताने वाला गुरमेज पांच मई को दो महिलाओं के साथ उनके कार्यालय में आया। उसने दोनों महिला का दाखिला करवाने की बात कही तो रिसेप्शन पर मौजूद कर्मचारी ने उन्हें उसके कार्यालय में भेज दिया।

उन्होंने आते ही कहा कि सेंटर के बच्चों की अश्लील वीडियो उनके पास है। अगर वह चाहता है कि वीडियो को न चलाए तो इसके लिए उनके ऑफिस में आकर मिले। छह मई को गुरदीप चाबा नाम के एक व्यक्ति का उसके पास फोन आया और उसे मिलने के लिए उद्यम सिंह चौक पर बुलाया। वह व्यक्ति उसे गुरमेज के कार्यालय में ले गया। जब वे कार्यालय पहुंचे तो गुरमेज ने सेंटर पर कर्मचारी कमल की बनाई वीडियो उसे दिखाई। इसे वायरल न करने की एवज में 10 लाख रुपये की मांग की।

इस बीच वहां मौजूद उसकी की साथी महिलाओं ने भी हां में हां मिलाते हुए कहा कि यह डिमांड तो काफी कम है। वीडियो वायरल हो गई तो सेंटर का सारा बिजनेस ठप हो जाएगा और समाज में बेइज्जती अलग होगी। पीड़ित ने बताया कि उसने डर के मारे पैसों का इंतजाम करने के लिए समय मांगा। बाद में उसे पता चला कि आरोपियों ने वह वीडियो व्हाट्सएप पर वायरल कर दी। मामले में जांच अधिकारी एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें