संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। रेलवे की ओर से राजस्थान के अजमेर में मदार से कुरुक्षेत्र और कुरुक्षेत्र से मदार तक मेला विशेष ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया है। ट्रेन का संचालन शुरू होने के बाद यह ट्रेन बुधवार शाम करीब साढ़े बजे कैथल के रेलवे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन में सवार यात्रियों के चेहरे खिले दिखे।
अब यह ट्रेन 12 मार्च तक प्रतिदिन रात के समय कुरुक्षेत्र से मदार के लिए रवाना होगी। वहीं, इस ट्रेन का संचालन शुरू होने के बाद ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू हो गई है। पहले दिन 20 यात्रियों ने इस ट्रेन की टिकट बुक करवाई है।
गौरतलब है कि इस ट्रेन के कोच में 18 डिब्बे लगाए गए हैं। जिसमें से दो डिब्बों को आरक्षित रखा गया है। जबकि अन्य 16 डिब्बों को सामान्य की श्रेणी में रखा गया है। इस ट्रेन के माध्यम से अब कुरुक्षेत्र व कैथल जिले के यात्री बाबा खाटू श्याम भी जा सकेंगे, क्योंकि यह ट्रेन वाया रिंगस होते हुए मदार पहुंचेंगी। इस मेला विशेष ट्रेन के संचालन के बाद रेल यात्री कल्याण समिति ने रेलवे व
कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल का आभार जताया है।
समिति के चेयरमैन सतपाल गुप्ता ने बताया कि इस समय फाल्गुन का महीना शुरू हो चुका है और ऐसे में काफी संख्या में यात्री बाबा खाटू श्याम में बने बाबा के दरबार में जाते हैं। अब कैथल के लोग भी इस दरबार में इस ट्रेन के माध्यम से आसानी से जा सकेंगे। परंतु उनकी मांग है कि इस ट्रेन का संचालन स्थाई रुप से किया जाए। एक सप्ताह के लिए ट्रेन का संचालन करने से यात्रियों को सही जानकारी नहीं मिल पाएगी।
अब इस ट्रेन का संचालन शुरू होने के बाद कैथल से होकर गुजरने वाली एक्सप्रेस ट्रेन की संख्या दो से बढ़कर तीन हो जाएगी। जबकि इससे पहले वाया कैथल से एक दिल्ली के लिए डेमू एक्सप्रेस व एक दौलतपुर-साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन किया जा रहा था। इसके अलावा कैथल से तीन पैसेंजर ट्रेन का संचालन रेलवे की ओर से किया जा रहा है।
रेलवे स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि पहले दिन कुरुक्षेत्र की तरफ जाने वाली यह ट्रेन करीब 30 मिनट की देरी से पहुंची। इस ट्रेन के शुरू होने के बाद कैथल से बाबा खाटू श्याम जाने वाले लोग खाटू धाम तक की यात्रा कर पाएंगे।