जिला नागरिक अस्पताल में बायो सेफ्टी कैबिनेट नाम की नई मशीन से खून के टेस्ट होंगे। इस मशीन से जहां किसी ब्लड सैंपल की जांच में समय कम लगेगा, वहीं केवल एक एक्सपर्ट ही इस मशीन को चलाने के लिए पर्याप्त है। इससे सैंपल के लिए लोगों को कक्ष के बाहर लाइनों में खड़े होकर इंतजार करने से भी छुटकारा मिलेगा। टेस्ट की रिपोर्ट भी मरीज को जल्द मिल सकेगी।
कोरोना काल में सामाजिक दूरी को ध्यान में रख अस्पताल में लाई गई मशीन- कोरोना काल में सामाजिक दूरी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा बायो सेफ्टी कैबिनेट मशीन उपलब्ध करवाई गई है। एक एक्सपर्ट द्वारा चलाए जाने के कारण लोगों की भीड़ टेस्टिंग सेंटर के बाहर नहीं होगी, जिससे कोरोना व अन्य बीमारियों के संक्रमण का खतरा भी नहीं रहेगा।
मशीन द्वारा होंगे ब्लड के ज्यादातर टेस्ट- बायो सेफ्टी कैबिनेट मशीन एचबी, सीबीसी जैसे मुख्य टेस्ट तो किए जाएंगे ही, साथ में खून से संबंधित वे सभी टेस्ट भी किए जाएंगे, जिनकी किसी बीमारी में जरूरत पड़ेगी। इसके अलावा केएफटी, एलएफटी व लिक्विड प्रोफाइल जैसे खून से संबंधित टेस्ट भी किए जा सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसे जल्द से जल्द शुरू करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
पीएमओ डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि फिलहाल मशीन को इंस्टॉल नहीं किया गया है। जल्द ही इसके लिए मैकेनिक बुलाया जाएगा और मशीन को इंस्टॉल करवाया जाएगा। इसके साथ ही मशीन द्वारा ब्लड जांच शुरू की जाएगी।