जिले में कोरोना संक्रमण के कारण मौतों का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। वीरवार को कोरोना संक्रमित दो और महिलाएं अपनी जिंदगी से हार गई।। वहीं 27 नए मामले सामने आए हैं। कोरोना के कुल 2263 मामले आ चुके हैं। कुल 36 की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गांव बात्ता निवासी 57 वर्षीय महिला 19 सितंबर को कोरोना पॉजिटिव आई थी। उसे जिला अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। जहां से बुधवार को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया था। वहां उसकी वीरवार को मौत हो गई। इसी प्रकार से गांव भूना निवासी करीब 58 साल की महिला पटियाला में दाखिल थी। वहां उसकी मौत हो गई। वह कोरोना पॉजिटिव थी।
इसके अलावा 27 पॉजिटिव पाए गए हैं। जिसमें जिला अस्पताल की स्टॉफ नर्स, एक अधिवक्ता सहित अन्य लोग शामिल हैं। मूंदड़ी, सब्जी मंडी कैथल, नौच, अशोका कालोनी, रामथली, कुलतारण, आदर्श नगर, सेक्टर 20, कलायत, करनाल रोड कैथल, सनसिटी, जाजनपुर, कौल, वाल्मीकि मंदिर पूंडरी, प्यौदा, संगरोली, पिहोवा चौक, भूना व अमरगढ़ गामड़ी में लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
सीएमओ डा. जयभगवान जाटान ने बताया कि जिले में कुल 2263 मामले सामने आ चुके हैं। कुल 36 संक्रमित लोगों की मौत हुई है। वीरवार को 27 नए मामले सामने आए हैं। गांव बात्ता व डेरा भूना में एक-एक महिला की मौत हुई है। इस समय 388 एक्टिव केस हैं। 1766 रिकवर हो चुके हैं। वीरवार को 73 रिकवर हुए हैं।
नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना वायरस की जांच का अभियान लगातार जारी है। गुरुवार को 60 लोगों के एंटीजन किट से सैंपल लिए गए और 24 लोगों के आरटीपीसी आर सेे सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। एसएमओ डा. संदीप सिंह ने बताया कि पिछले दो दिनों से जिनकी रिपोर्ट पाजिटिव आई है, उनके संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे है ताकि संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सके।