संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। त्योहारी सीजन में बाजारों में खरीदारी के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है, वहीं शहर की पार्किंग व्यवस्था चरमरा गई है। खरीदारी करने आए लोग अपने वाहन गलियों और सड़कों पर खड़े कर देते हैं, साथ ही दुकानदार भी अवैध पार्किंग कर व्यवस्था को और बिगाड़ रहे हैं। इसके कारण छात्रावास रोड, महात्मा गांधी मार्केट, पुराना बस स्टैंड और भगत सिंह चौक सहित कई जगहों पर लंबा जाम लग रहा है। एक किलोमीटर की दूरी तय करने में अधिक समय लग रहा है।
पुलिस प्रशासन ने इस समस्या से निपटने के लिए कोई ठोस ट्रैफिक प्लान नहीं बनाया है, जबकि ट्रैफिक अधिकारी दावा कर रहे हैं कि शहर में ट्रैफिक पुलिस को जगह-जगह तैनात किया गया है। ई-रिक्शा, ऑटो और नो-पार्किंग में खड़े वाहन जाम का मुख्य कारण बने हुए हैं। शनिवार को दोपहर में स्थानीय बाजारों में सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। महादेव कॉलोनी निवासी अरविंद मिश्रा ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस ने जाम से निपटने की कोई योजना नहीं बनाई। उन्होंने कहा कि लोग सड़क पर वाहन पार्क करके खरीदारी करते हैं, जिससे दोनों ओर लंबा जाम बन जाता है और आम जनता को भारी परेशानी होती है।