संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांव ग्योंग में एक आरोपी ने जिला नगर योजनाकार की अनुमति लिए बिना विभाग की ओर से बंद किए गए होटल का ताला तोड़ दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जिला नगर योजनाकार कार्यालय के अधिकारी रोहित चौहान ने सदर थाना में शिकायत दी कि गांव ग्योंग में रामगढ़ निवासी मांगेराम ने हाईवे के पास अभिनंदन नामक होटल बनाया है। जिला नगर योजनाकार कार्यालय के अधिकारी का कहना है कि इस होटल को बनाने के लिए जिला नगर योजनाकार कार्यालय से जरूरी अनुमति नहीं ली गई है, इस कारण यह अवैध था। नतीजे में विभाग ने होटल को बंद करके ताला लगा दिया था लेकिन इसके बावजूद 24 जून को आरोपी मांगेराम ने विभाग की अनुमति के बिना होटल का ताला तोड़ दिया और नियमों का उल्लंघन किया। जांच अधिकारी वजीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान ने बताया कि जिला में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने आमजन से आगाह किया है कि वह सस्ते के चक्कर में अवैध कालोनियों में प्लाट बिल्कुल न खरीदें।