संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की ओर से वित्त वर्ष के दौरान जिले के 45 युवाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 36 लाख 93 हजार रुपये का ऋण उपलब्ध करवाया है। इसमें से दो लाख 58 हजार रुपये अनुदान राशि है। यह जानकारी डीसी प्रीति ने दी।
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष के दौरान डेयरी फार्मिंग के लिए 32 लाभार्थियों को 23 लाख पांच हजार रुपये, भेड़ पालन के लिए एक लाभार्थी को 98 हजार रुपये, सुअर पालन के लिए एक लाभार्थी को एक लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है।
इसी प्रकार अपना व्यापार शुरू करने के लिए छह युवाओं को चार लाख 90 हजार रुपये, ब्यूटी पार्लर खोलने वाले एक लाभार्थी को एक लाख रुपये व एनएसकेएफडीसी स्कीम के तहत एक लाभार्थी को एक लाख रुपये का ऋण उपलब्ध करवाया है। वहीं दिसंबर माह में 13 आवेदकों को विभिन्न स्कीमों के तहत 10 लाख रुपये का ऋण दिया है।