कैथल। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की खरकां शाखा से आठ लाख रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) लोन लेकर वापस नहीं लौटाने के मामले में अदालत ने बैंक के पक्ष में फैसला सुनाया है।
अतिरिक्त सिविल जज (सीनियर डिवीजन) अक्षय चौधरी की अदालत ने मृतक किसान साधु सिंह के कानूनी वारिसों को 14 लाख 28 हजार 777 रुपये चुकाने का आदेश दिया है।
अदालत ने बैंक के पक्ष में फैसला सुनाते हुए वारिसों को तीन महीने के भीतर राशि जमा करवाने के आदेश दिए हैं। अदालत के अनुसार, गांव खरकां निवासी साधु सिंह ने 20 अगस्त 2014 को एसबीआई की खरकां शाखा से आठ लाख रुपये की फसल ऋण सीमा मंजूर करवाई थी। इसके बदले उसने गांव में अपनी 50 कनाल 18 मरले जमीन बैंक के पास गिरवी रखी थी। ऋण की राशि फसल कटाई के छह महीने के भीतर ब्याज सहित चुकानी थी।
बैंक के अनुसार, निर्धारित समय पर राशि जमा नहीं करवाने के कारण ब्याज और अन्य शुल्क मिलाकर 31 मार्च 2024 तक बकाया राशि 14 लाख 28 हजार 777 रुपये हो गई। बैंक ने भुगतान के लिए कई बार नोटिस भी भेजे, लेकिन राशि जमा नहीं हुई। इसके बाद बैंक ने 29 अप्रैल 2024 को अदालत में वसूली का केस दायर किया।