कैथल। श्री ग्यारह रुद्री शिव मंदिर में पहली बार आयोजित किए जा रहे महारुद्र यज्ञ का बुधवार से शुभारंभ होगा। यज्ञ की पूर्व संध्या पर मंगलवार शाम भव्य कलशयात्रा निकाली गई। इसमें 300 से अधिक महिलाओं ने लाल साड़ी धारण कर सिर पर कलश और नारियल लेकर भाग लिया। काशी से आए विद्वान विनीत अवस्थी ने यजमान बने छह श्रद्धालुओं की पूजा अर्चना करवाई। इसके बाद मंदिर परिसर में पहुंचे अनंत श्री विभूषित महामंडलेश्वर पूज्य योगी यतिंद्रानंद गिरी का भव्य स्वागत किया गया। उनकी अगुवाई में पूजा अर्चना के बाद कलशयात्रा शुरू हुई। कलशयात्रा को बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान स्व. युधिष्ठिर कुमार मंगल की धर्मपत्नी उर्मिला मंगल और उद्योगपति दीपक अग्रवाल की धर्मपत्नी भावना अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बैंड और गाजे-बाजे के साथ निकाली गई कलशयात्रा में महिलाओं के पीछे-पीछे कई आकर्षक झांकियां शामिल की गईं। इसके पीछे योगी यतिंद्रानंद गिरी जी रथ में विराजमान होकर कलशयात्रा में शामिल हुए। कलशयात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर अशोका सिनेमा रोड से होते हुए भगत सिंह चौक, भगत सिंह चौक से निरवानिया बिल्डिंग से रेलवे गेट, रेलवे गेट से चंदाना गेट व चंदाना गेट से वापस मंदिर परिसर में संपन्न हुई। पूरे आयोजन में भव्य मेले सा माहौल रहा। कलशयात्रा के दौरान भगवान भोले के गीतों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। मंदिर समिति सदस्यों सहित श्रद्धालु भोले के गीतों पर थिरकते नजर आए। इसके बाद मंदिर में जलपान की व्यवस्था की गई।
मंदिर समिति के अध्यक्ष विनोद मित्तल एवं महासचिव डॉ. राजेश गोयल ने बताया कि बुधवार से महारुद्र यज्ञ शुरू हो रहा है, जिनमें विभिन्न व्यवस्थाएं रहेंगी।