संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एलएमवी (लाइट मोटर व्हीकल) ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से महिलाएं न केवल वाहन चलाना सीख रहीं, बल्कि आत्मविश्वास और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं। अब तक 15 महिलाएं प्रशिक्षण पूरा कर ड्राइविंग में दक्ष बन चुकी हैं।
कैथल में हरियाणा महिला विकास निगम की ओर से महिलाओं के सशक्तीकरण के उद्देश्य से यह निःशुल्क एलएमवी ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसका आयोजन अशोक लेलैंड ड्राइवर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, पाडला के माध्यम से किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को कुशल चालक बनाना है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत कार्यक्रम का पहला बैच 16 अप्रैल से 9 मई तक सफलतापूर्वक संचालित किया गया। इस दौरान प्रशिक्षण लेने वाली महिलाओं ने वाहन संचालन से जुड़ी तकनीकी जानकारी के साथ ड्राइविंग कौशल में दक्षता हासिल की। संस्थान की ओर से दूसरा बैच 7 मई 2026 से शुरू किया गया है, जिसमें 15 महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वाहन संचालन के साथ सड़क सुरक्षा नियमों, यातायात संकेतों और सुरक्षित ड्राइविंग तकनीकों की जानकारी भी दी जा रही है।
संस्थान के डीटीआई हेड समीर सैनी, चीफ इंस्ट्रक्टर राजबीर सिंह, ट्रेनिंग मैनेजर पुनीत धीमान, सीनियर मैनेजर कृष्ण कुमार और बीडीएम कपिल ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल ड्राइविंग सिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में भी एक सार्थक पहल है।