राजौंद–पूंडरी मार्ग पर सड़क के ऊपर झुका पेड़।
राजौंद। राजौंद–पूंडरी मार्ग पर सड़क किनारे झुका हुआ एक बड़ा पेड़ राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बनता जा रहा है। पेड़ की शाखाएं सड़क के ऊपर तक झुकी हुई हैं जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि यह पेड़ काफी समय से झुका हुआ है लेकिन अभी तक प्रशासन की ओर से इसे हटाने या कटवाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं, ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी दुर्घटना का कारण बन सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि खासकर रात के समय यह पेड़ और अधिक खतरनाक हो जाता है, क्योंकि अंधेरे में वाहन चालकों को यह साफ दिखाई नहीं देता। कई बार बड़े वाहन चालक इससे बाल-बाल बच चुके हैं जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
लोगों में कुलवंत, रमेश ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस पेड़ को कटवाया जाए या सुरक्षित तरीके से हटाया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
राजौंद–पूंडरी मार्ग पर सड़क के ऊपर झुका पेड़।