कैथल। जिला बार एसोसिएशन ने अधिवक्ता सुरक्षा कानून की मांग पर वीरवार को वर्क सस्पेंड रखा। इस दौरान वकीलों ने अदालत परिसर के मुख्य द्वार के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने दिल्ली की द्वारका कोर्ट में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में भी रोष जताया। वकीलों के वर्क सस्पेंड होने के कारण जिले के अदालतों में कोई भी कार्य नहीं हो सका।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान वेद प्रकाश ढुल ने कहा कि घटना के बाद अन्य वकीलों में भी दहशत में हैं। उन्होंने मांग की कि दिल्ली में वकील की हत्या करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंंने कहा कि वकील काफी समय से अधिवक्ता सुरक्षा कानून की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वकील अपने क्लाइंट के हक के लिए लड़ता है। उसका दूसरी पार्टी से कोई व्यक्तिगत विरोध नहीं होता। उन्होंने मांग की कि हरियाणा सरकार को एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करना चाहिए। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से भी आह्वान किया कि वे स्पेशल सत्र बुलाकर अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करें, ताकि दिल्ली जैसी घटनाएं ना हो।
प्रधान ने कहा कि वकील क्लाइंट्स के लिए लड़ रहा होता है जबकि उसकी सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं होता। विरोधी पार्टी वकील को अपना दुश्मन समझ लेती है, जो गलत है। दिल्ली की घटना शर्मनाक है। मांग की वकीलों को भी सुरक्षा देने पर मंथन किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी घटना घटित न हो। वरिष्ठ एडवोकेट मनिंद्र सिंह, प्रेम छाबड़ा, बलजीत मोर, नफे सिंह बेरवाल ने भी धरने को संबोधित किया। इस मौके पर एसोसिएशन के उप प्रधान सुलतान बनवाला, सचिव नितेश मंगला, मीडिया कोर्डिनेटर प्रदीप हरित, सह सचिव जितेन्द्र कुमार, कोषाध्यक्ष रजनी गुप्ता आदि वकील मौजूद रहे।
पुरानी है मांग ः अधिवक्ता सुरक्षा कानून की मांग वकील लंबे समय से करते आ रहे हैं। इस संदर्भ में पहले भी धरने प्रदर्शन हुए हैं। गत 26 जुलाई 2018 को भी जिला बार एसोसिएशन के तत्कालीन प्रधान अशोक गौतम ने कार्यकारिणी व वकीलों के साथ तत्कालीन उपायुक्त सुनीता वर्मा को ज्ञापन दिया था। इसमें मांग की गई थी कि वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
तीन वकीलों को नोटिस ः वर्क सस्पेंड का उल्लंघन करके अदालत में पेश होने पर तीन वकीलों को जिला बार एसोसिएशन ने नोटिस दिया गया है।
गौरतलब है कि वर्क सस्पेंड में अदालत जाने पर 11 हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान है। एसोसिएशन के प्रधान वेद प्रकाश ढुल ने बताया कि वर्क सस्पेंड होने के बावजूद ये तीन वकील अदालत में पैरवी के लिए गए थे।
दिल्ली का मामला
गोल्डन हाइट्स सोसाइटी, सेक्टर-12 द्वारका निवासी वीरेंद्र कुमार (53) अर्टिगा कार से घर की ओर जा रहे थे। द्वारका सेक्टर-एक की लालबत्ती के पास बाइक पर आए दो हमलावरों ने फिल्मी स्टाइल में ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वीरेंद्र को दो गोली लगी। कॉलसेंटर कर्मी हरप्रीत ने उन्हें पास के मणिपाल अस्पताल में पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया