संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शुक्रवार को जिलेभर के नौ हजार 876 घरों व दुकानों में डेंगू के लार्वा की जांच की। इस दौरान अलग-अलग टीमों को आठ जगहों पर लार्वा मिला। सभी संबंधित मालिकों को नोटिस दिया गया व साफ-सफाई पर जागरूक किया गया।
उधर, 10 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेकर डेंगू जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट शनिवार को आएगी। अब तक 1686 संदिग्ध मरीजों के डेंगू के सैंपल लिए गए हैं।
इसके साथ अब तक 1626 जगहों पर डेंगू का लार्वा मिल चुका है। सभी को नोटिस दिए गए हैं। अब तक जिले में 10 लाख 14 हजार 844 घरों की जांच की जा चुकी है।
सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने कहा कि घर के आसपास या घर के अंदर भी पानी न जमा होने दें। कूलर में अगर पानी है, तो उसमें केरोसिन तेल डालकर रखें। इससे मच्छर पनपने की संभावना कम हो जाती है।
उन्होंने कहा कि पानी की टंकियों को खुला न छोड़ें, अच्छी तरह ढक कर रखें। इन दिनों फुल स्लीव और पैरों को ज्यादा से ज्यादा ढकने वाले कपड़े पहनें। अपने आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखें।