संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों ने तीन लोगों से लाखों रुपये धोखाधड़ी पूर्वक हड़प लिए। पुलिस ने सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
राजेंद्र सेठ कॉलोनी निवासी कृष्ण कुमार ने शहर थाना में शिकायत दी कि वह नए और पुराने मोबाइल खरीदने व बेचने का काम करता है। कुछ दिन पहले उसकी मुलाकात करोल बाग दिल्ली निवासी साहिल आग्रवाल से हुई। आरोपी ने कहा कि वह थोक में मोबाइल खरीदता है और उससे भी खरीद लेगा। साहिल ने एक लड़के को भेजकर 16 लाख 30 हजार रुपये के मोबाइल ले लिए और जल्द पैसे देने की बात कही। जब कुछ दिन इंतजार करके उसने साहिल से रुपये मांगे तो वह टाल-मटौल करने लगा।
बाद में आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर लिया। जांच अधिकारी सनेष कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
दूसरे मामले में जाखौली अड्डा निवासी दिनेश ने शहर थाना में शिकायत दी कि उसने एक बैंक से क्रेडिट कार्ड बनवाया था। 16 मार्च को उसके पास एक नंबर से कॉल आई कि क्रेडिट कार्ड को एक्टिव कर लो और हम आपके पास बैंक का लिंक भेज रहे हैं। उसने उसपर क्लिक करके अपने कार्ड की डिटेल भरी तो उसके खाते से 49 हजार 927 रुपये कट गए। ऐसा करके अज्ञात आरोपी ने उसके साथ धोखाधड़ी की है। जांच अधिकरी सुरेंद्र ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव सेगा निवासी किशन लाल ने तितरम थाना में शिकायत दी कि 18 मई को एक लड़की का फोन आया और उसने कहा कि वह मुंबई से एलआईसी कर्मचारी बोल रही है। उसने कहा कि आपके एलआईसी एजेंट ने धोखाधड़ी कर रखी है। आपका सारा मुनाफा आपके एजेंट के खाते में चला जाएगा, क्योंकि एजेंट ने आपके कई दस्तावेजों पर गलत तरीके से हस्ताक्षर करवा रखे हैं।
उसने उसकी बात एलआईसी के तथाकथित उच्च अधिकारी से करवाई जो स्वयं को जगबीर मलिक बता रहा था। जगबीर मलिक ने उसे विश्वास दिलाया कि उसके सात लाख रुपये उसके खाते में ट्रांसफर कर देगा। ऐसा कहकर आरोपी ने उससे दस्तावेज व 31 हजार 350 रुपये ऑनलाइन मंगवा लिए। साथ ही कहा कि आपकी राशि 20 दिन में वापस भेज दी जाएगी। शिकायतकर्ता ने कहा कि आरोपी ने उसके साथ 31 हजार 350 रुपये की धोखाधड़ी की है। जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।