कैथल। कपड़े उतारकर व नग्नावस्था में वीडियो कॉल कर महिला सहित अज्ञात आरोपियों ने एक 45 वर्षीय व्यक्ति से 13 लाख रुपये से ज्यादा की रकम ठग ली शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी कि 22 मार्च को उसके पास व्हाट्सएप पर एक अनजान वीडियो कॉल आई। उसने कॉल रिसीव की तो उसमें एक युवती नग्नावस्था में थी। उस युवती ने उसे भी कपड़े उतारने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। बाद में राहुल नाम के व्यक्ति ने उसके पास फोन किया कि जिस युवती ने उसके साथ नग्न होकर वीडियो कॉल की थी, वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। उसके चलते युवती ने आत्महत्या कर ली है। उसने शिकायतकर्ता को भी एक क्लिप भेजी व कहा कि उसके खिलाफ शिकायत दे दी है। अगर एफआईआर रद्द करवानी है तो रुपये देने होंगे। वीडियो कटवाने और शिकायत रोकने के नाम पर आरोपियों ने उससे 13 लाख 47 हजार 499 रुपये ठग लिए। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।