संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। नगरपालिका कार्यालय में डाक विभाग के इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की ओर से मंगलवार को दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं के खाते खोलने के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में उपमंडल के विभिन्न गांवों से आई महिलाओं ने मोबाइल एप के माध्यम से अपने खाते खुलवाए।
इस संबंध में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के महावीर सिंह ने बताया कि
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की है। इस योजना के लिए आवेदन हेतु एक विशेष मोबाइल एप भी लॉन्च की गई है। योजना के अंतर्गत एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवार की महिलाओं को लाभ प्रदान किया जाएगा।
महावीर सिंह ने बताया कि पात्र महिला की आयु 23 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए और उसके नाम पर चालू बैंक खाता होना आवश्यक है। जो महिला किसी अन्य राज्य से हरियाणा में विवाह के बाद आई है और उसका पति हरियाणा का निवासी है तथा वह राज्य में पिछले 15 वर्ष या उससे अधिक समय से रह रही है, वह भी योजना के लिए पात्र है।
उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को वित्तीय रूप से सशक्त बनाना, सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। इसके तहत प्रत्येक पात्र महिला को 2100 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
महावीर सिंह ने यह भी बताया कि जो महिलाएं सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय सेवा विभाग की अन्य योजनाओं का लाभ ले रही हैं, वे दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ नहीं उठा सकेंगी।