कैथल। हरियाणा सरकार की दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत कैथल जिले में 24,545 महिलाओं को लाभ मिलेगा। इन महिलाओं को पेंशन दिए जाने की स्वीकृति मिल गई है। इनके खाते में सरकार निर्धारित समय में 2100 रुपये की राशि भेजेगी।हरियाणा में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में सरकार ने चुनाव से पूर्व महिलाओं को 2100 रुपये पेंशन देने का वादा किया था।
सरकार ने चुनाव के बाद एक साल में ही वायदे को अमलीजामा पहनाते हुए नवंबर माह में योजना का शुभारंभ कर दिया था। जिसमें प्रदेश भर में पात्र महिलाओं से आवेदन मांगे गए थे। इस प्रक्रिया में जिले में 24 हजार 560 महिलाओं ने योजना का लाभ देने का आवेदन किया था। जिला समाज कल्याण विभाग की जांच में 15 आवेदनों में तकनीकी या दस्तावेजी त्रुटियां पाए जाने पर उनके आवेदन अस्वीकृत कर दिए गए। इनमें से शेष 24 हजार 545 आवेदनों को सफलतापूर्वक स्वीकार कर पेंशन स्वीकृत कर दी गई है। विभागीय जानकारी के अनुसार निर्धारित समय पर इन महिलाओं खाते में 2100 रुपये की राशि बतौर पेंशन भेज दी जाएगी। विभागीय जानकारी के अनुसार जो पेंशन आवेदन अस्वीकृत हुए हैं, उनमें भी त्रुटि दूर करने के लिए विभाग मुख्यालय से संपर्क किया जा रहा है। महिलाओं के आवेदन पर डीसी अपराजिता की अगुवाई में तेजी से काम किया जा रहा है। अब तक स्वीकृत आवेदनों का लाभ मिलने से महिलाओं को अपने जीवन यापन में मदद मिलेगी।
ये हैं पात्रता की शर्तें
महिला की आयु 23 वर्ष से 60 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। परिवार की सत्यापित वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक न हो, जो महिला किसी अन्य राज्य से हरियाणा में विवाहित है जिसका पति हरियाणा का निवासी है और आवेदन के समय पिछले 15 वर्षों या उससे अधिक समय से हरियाणा राज्य में रह रहा है वह महिला इस योजना की पात्र है। पात्र लाभार्थी के नाम पर एक चालू बैंक खाता होना चाहिए।
महिला सशक्तिकरण योजना का मुख्य लक्ष्य
उपायुक्त अपराजिता ने कहा कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और लड़कियों को सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। इस योजना के माध्यम से स्वीकृत हुई पेंशन 2100 रुपये की राशि सीधे लाभार्थी महिलाओं को प्राप्त होगी, जो उन्हें अपने दैनिक जरूरतों को पूरा करने, बच्चों की शिक्षा में निवेश करने और अपने जीवन स्तर को सुधारने में मदद करेगी।
उन्होंने कहा कि यह सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बचे हुए 15 आवेदनों में भी त्रुटियों को जल्द से जल्द दूर करवा कर मुख्यालय से अनुमोदन प्राप्त करने की दिशा में तेजी से काम करें।
डीसी अपराजिता