संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हनुमान वाटिका के पार्क में बुधवार को संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक हुई। इसमें किसानों की समस्या के संदर्भ में व किसानों की गिरफ्तारी के विरोध में 26 नवंबर को चेतावनी रैली करने का निर्णय लिया।
बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक महेंद्र सिंह रामगढ़ ने की। जिसका संचालन संयुक्त किसान मोर्चा के नेता जसबीर सिंह ने किया। किसान नेता कंवरजीत, सतपाल दिल्लोवाली कामरेड प्रेम सिंह, जसबीर सिंह व ओम प्रकाश ढांडा, नरेश कुमार, सतपाल आनंद ने कहा कि सरकार की ओर से जारी किए गए पत्र में सरकार ने किसान को पहला नजराना दिया है।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में उपायुक्त और उप कृषि निर्देशकों को आदेश दिया गए कि जिस भी किसान ने 15 सितंबर 2024 से अब तक पराली जलाई है, उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए। सरकार के इन फैसलों का वे पूर्ण रूप से विरोध करते हैं।
महेंद्र सिंह व जिला प्रधान जसबीर सिंह व कामरेड प्रेम सिंह ने कहा कि प्रदूषण के अन्य कारकों पर रोक लगाने समेत पराली प्रबंधक की व्यवस्था में सरकार विफल रही है। इस मौके पर ओम प्रकाश ढांडा, कामरेड प्रेम सिंह, राजकुमार सरसा, सुखपाल, गुरनाम सारण, जय प्रकाश शास्त्री, बलवंत राय, महेंद्र सिंह, नरेश कुमार रोहड़ा, जसबीर सिंह मौजूद रहे।
उधर, भगत सिंह भवन कैथल में सीटू जिला कमेटी की बैठक जिला प्रधान बसाऊ राम की अध्यक्षता में हुई। इसमें जानकारी दी गई कि मजदूर और किसान 26 नवंबर को प्रदर्शन करेंगे।
बैठक में सीटू जिला सचिव नरेश कुमार ने बताया न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये महीना मजदूर विरोधी, नए लेबर कोड रद्द, परियोजना कर्मियों सहित सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग करने की मांग है।
बैठक का संचालन जिला सचिव नरेश कुमार रोहेड़ा ने किया। इस मौके पर जिला कमेटी सदस्य फॉरेस्ट नेता विजय शर्मा, सीटू जिला कोषाध्यक्ष मास्टर जयप्रकाश शास्त्री, कामरेड प्रेम चंद, आशा वर्कर यूनियन नेता सुषमा, रोहताश व संजो रानी आदि मौजूद रहे।