कैथल। ऑस्ट्रेलिया में फंसे दोस्त का झांसा देकर एक मजदूर से दो लाख रुपये ठग लिए। गांव भाना निवासी मनीष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पीपली अनाज मंडी में आढ़ती धर्मपाल की दुकान पर मजदूरी करता है। धर्मपाल का भतीजा लक्ष्य करीब 18 महीने से ऑस्ट्रेलिया में रह रहा है। 25 जून को उसके पास लक्ष्य कुमार के नाम और फोटो वाली आईडी से मैसेज आया। मैसेज में बताया गया कि ऑस्ट्रेलिया में उसे पकड़ लिया गया है और एजेंट को पैसे नहीं भेजे तो उसका वीजा रद्द कर उसे वापस भेज दिया जाएगा।
इसके बाद उससे आरोपी ने उसका व्हाट्सएप नंबर और बैंक खाते की जानकारी ली। इसके बाद चार लाख रुपये भेजने का दावा करते हुए सिटी बैंक की रसीद भेजी और कहा कि रकम 24 घंटे में खाते में आ जाएगी। साथ ही दो लाख रुपये एजेंट को तुरंत भेजने के लिए दबाव बनाया। उसने अलग-अलग यूपीआई स्कैनर पर अपने खाते से कई किस्तों में रुपये भेज दिए। इसके अलावा उसने अपने दोस्त अमन कुमार से 50 हजार रुपये और राजपाल से 25-25 हजार रुपये अलग-अलग फोन पे और गूगल पे नंबरों पर भिजवा दिए। कुल मिलाकर दो लाख रुपये आरोपियों के बताए खातों में भेज दिए गए।
बाद में आरोपी ने टिकट के नाम पर और पैसे मांगने शुरू कर दिए। इस पर मनीष ने अपने मालिक धर्मपाल से बात की तो पता चला कि लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया में अपने कमरे पर सुरक्षित है। तब उसे ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद साइबर थाना कैथल में शिकायत दी। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ा जाए व उसके रुपये वापस दिलाए जाएं।
एएसआई अमृत लाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी है।