संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। गांव माजरा रोहेड़ा में रविवार दोपहर बोरिंग मशीन पर काम करते समय बड़ा हादसा हो गया। पब्लिक हेल्थ विभाग की ओर से लगाए गए खराब ट्यूबवेल की मरम्मत के दौरान दो मजदूर 11000 वोल्ट की हाई वोल्टेज की बिजली लाइन की चपेट में आ गए।
हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों मजदूर दोपहर के समय बोरिंग मशीन लेकर गांव माजरा में ट्यूबवेल ठीक करने पहुंचे थे। काम के दौरान मशीन की तिपाई अचानक ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन से टकरा गई, जिससे तेज करंट फैल गया। हादसे को देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही राजौंद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गांव मानस निवासी उदय सिंह (48) को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल मजदूर जसबीर, निवासी गांव मांडी जिला जींद (उम्र करीब 33 वर्ष) का उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जाती है।
दो साथियों के साथ काम पर गया था उदय सिंह
मृतक के जीजा गांव किठाना निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि उदय सिंह लंबे समय से बोरिंग मशीन पर काम करता था। रविवार को भी वह अपने दो अन्य साथियों के साथ काम के लिए गांव माजरा रोहेड़ा गया था। हादसे में उसकी जान चली गई। उदय सिंह अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गया है, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। वहीं घायल जसबीर का एक बेटा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
-सतपाल, राजौंद थाना प्रभारी